नोवामुंडी में भाजपा की बूथ स्तरीय कार्यशाला, गीता कोड़ा ने हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का किया आह्वान

नोवामुंडी/गुवा: नोवामुंडी में भारतीय जनता पार्टी की ओर से जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र की बूथ स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद गीता कोड़ा शामिल हुईं। कार्यशाला में बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई।

इस दौरान पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पहुंचकर पार्टी की गतिविधियों और अभियानों को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में संत शिरोमणि श्री रविदास महाराज की जन्मस्थली से आए कलश को वंदना अभियान के तहत गांव-गांव तक ले जाने की जानकारी दी गई। साथ ही स्वतंत्रता दिवस के पूर्व 9 से 14 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाकर राष्ट्रीय ध्वज को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय, प्रवासी पंकज खिरवाल, धीरज सिंह, रानी तिरिया, मंडल अध्यक्ष चंद्रमोहन गोप, बामिया लागुरी, अर्जुन सरदार, महेंद्र महाकुड़, नीमा लुगुन समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




