कोल्हान

11 से 13 अगस्त तक चाईबासा में होगी 28वीं एस.आर. रुंगटा मेमोरियल जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप, 8 अगस्त तक करें आवेदन

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान एवं एस.आर. रुंगटा ग्रुप के प्रायोजन में 28वीं एस.आर. रुंगटा मेमोरियल जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 11 से 13 अगस्त तक बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम, चाईबासा में किया जाएगा। प्रतियोगिता की तिथि की घोषणा एसोसिएशन के अध्यक्ष सह पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर की गई। आयोजन को एसोसिएशन के उपाध्यक्ष नंदलाल रुंगटा एवं मुकुंद रुंगटा की सहमति प्राप्त है।

इस तीन दिवसीय चैंपियनशिप में अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए एकल और युगल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा पुरुष एवं महिला वर्ग के एकल और युगल मुकाबले भी होंगे। प्रतियोगिता में पश्चिम सिंहभूम जिले के खिलाड़ी अधिकतम दो आयु वर्गों में तीन स्पर्धाओं में भाग ले सकेंगे।

प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 8 अगस्त निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता का उद्घाटन 11 अगस्त को पूर्वाह्न में तथा समापन 13 अगस्त को अपराह्न में होगा।

एसोसिएशन के सचिव अशोक जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर झारखंड में आयोजित विभिन्न राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के लिए अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों के प्राचार्यों, खेल शिक्षकों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

संपर्क के लिए: इच्छुक खिलाड़ी एसोसिएशन के सचिव अशोक जोशी, राजेश बारी, सुशील पूर्ति एवं जगदीश जामुदा से संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!