वायरल गर्ल अंजली हेम्ब्रम ने बढ़ाया आत्मनिर्भरता की ओर कदम, विधायक जगत माझी ने किया फास्ट फूड कार्ट का उद्घाटन

सोनुवा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा प्रखंड के दिग्गीलोटा गांव की “वायरल गर्ल” अंजली हेम्ब्रम ने अपने स्वरोजगार को नई पहचान देते हुए फास्ट फूड कार्ट की शुरुआत की है। एकलव्य आवासीय विद्यालय के सामने लस्सी की दुकान चलाकर चर्चा में आई अंजली को जिला प्रशासन की ओर से अनुदान पर आधुनिक फूड कार्ट उपलब्ध कराया गया। बुधवार को मनोहरपुर विधायक जगत माझी ने फीता काटकर कार्ट का शुभारंभ किया।

अब अंजली अपने नए फूड कार्ट पर चाउमीन, मंचूरियन, आलूचोप, चाय, लस्सी सहित कई तरह के फास्ट फूड व्यंजन ग्राहकों को उपलब्ध कराएंगी। उद्घाटन के बाद विधायक जगत माझी ने स्वयं स्टॉल पर बने व्यंजनों का स्वाद लिया और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए अंजली को डस्टबिन भी भेंट किया।
इस अवसर पर विधायक जगत माझी ने कहा कि अंजली हेम्ब्रम ने अपने परिश्रम और आत्मविश्वास से यह साबित कर दिया है कि गांव में रहकर भी आत्मनिर्भर बनना संभव है। उन्होंने कहा कि अंजली क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा हैं तथा सरकार स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग कर रही है। उन्होंने महिलाओं से रोजगार के लिए पलायन करने के बजाय अपने गांव में ही स्वरोजगार अपनाने का आह्वान किया।
अंजली हेम्ब्रम ने इस उपलब्धि के लिए विधायक जगत माझी और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शुरुआत छोटी हो सकती है, लेकिन मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से भी अपने गांव में रोजगार के अवसर तलाशने की अपील की।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले विधायक जगत माझी सोनुवा से लौटने के दौरान अंजली की लस्सी दुकान पर रुके थे। वहां लस्सी पीते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद अंजली की दुकान लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई। सिंहभूम सांसद जोबा माझी, उपायुक्त मनीष कुमार सहित कई अधिकारियों ने भी उनकी दुकान पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया।
उद्घाटन समारोह में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, डब्लू बानरा, अजय महाली, किशोर दास, दीपक माझी, अश्विनी महतो, भोला सुंडी, मनसा माझी, संजय जामुदा, रोशन दास, बबलू प्रधान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




