
सरायकेला, 08 अगस्त 2026। विश्व आदिवासी दिवस-2026 के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले में 9 अगस्त को जिला एवं प्रखंड स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 11 बजे टाउन हॉल, सरायकेला के सभागार में किया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

जिला स्तरीय सांस्कृतिक कार्यक्रम में झारखंड की समृद्ध आदिवासी एवं लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान सरायकेला छऊ नृत्य, नटुआ नृत्य, मानभूम छऊ नृत्य, मुंडारी नृत्य एवं महिला पाइका नृत्य समेत विभिन्न पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगी।

इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जिले और झारखंड की विविध आदिवासी परंपराओं, लोककला एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, जिले के सभी प्रखंडों में भी प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय स्तर पर आदिवासी संस्कृति, परंपराओं, लोक-कला और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया जाएगा।
प्रखंड स्तर पर विभिन्न सांस्कृतिक और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर आमजनों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां नितिश कुमार सिंह ने जिलेवासियों से जिला एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति हमारी पहचान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है।
उपायुक्त ने कहा कि स्थानीय लोक परंपराओं, कला, नृत्य, संगीत, रीति-रिवाज एवं जीवन-पद्धति को संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने जिलेवासियों से विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर अपने-अपने स्थानीय कार्यक्रमों में सहभागी बनने तथा आदिवासी संस्कृति एवं स्थानीय सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।




