कोल्हानचाईबासा

होटल में ठहरे बैंककर्मी की अचानक मौत, महिला की मौजूदगी से उठे सवाल

चाईबासा:प्रकाश गुप्ता: जमशेदपुर के बिरसानगर निवासी 48 वर्षीय संजीव कुमार शर्मा उर्फ सोना की चाईबासा में अचानक मौत हो गई। संजीव आईडीएफसी बैंक के वित्त विभाग में कार्यरत थे और वाहनों के ऋण की वसूली के सिलसिले में अक्सर चाईबासा आते थे। 11 अगस्त को वह जमशेदपुर से चाईबासा पहुंचे और शाम करीब सात बजे मधु बाजार स्थित केएनआर होटल में कमरा लेकर ठहरे थे।

मृतक का फाइल फोटो

जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे संजीव होटल से बाहर निकले। पास की एक दुकान से कुछ सामान खरीदने के बाद वह कुछ दूर आगे बढ़े और अचानक गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गुरुवार को सदर थाना पुलिस की मौजूदगी में सदर अस्पताल में संजीव के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान पहुंचे उनके बड़े भाई राहुल रंजन शर्मा और मनोज शर्मा ने बताया कि 12 अगस्त को उन्हें संजीव की तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद दोनों चाईबासा पहुंचे, लेकिन तब तक संजीव की मौत हो चुकी थी।

परिजनों के अनुसार, होटल में जांच करने पर जानकारी मिली कि संजीव के साथ एक महिला भी आई थी। कमरे से खाने-पीने का सामान, दो गिलास और शराब की बोतल मिली। परिजनों ने बताया कि वे महिला को पहचानते नहीं हैं और उन्हें यह जानकारी नहीं है कि वह कौन थी।

राहुल रंजन शर्मा ने बताया कि संजीव के पेट पर एक निशान भी दिखाई दिया है। इसके बाद परिवार के लोगों ने मौत के कारण को लेकर संदेह जताया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

वहीं, मनोज शर्मा ने बताया कि संजीव को पहले से दिल की बीमारी थी और वेल्लोर से उनका इलाज कराया जा रहा था। कुछ समय पहले उनकी दवा बंद हो गई थी, हालांकि परिवार के अनुसार उनकी तबीयत सामान्य थी। संजीव के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र 10 और 11 वर्ष बताई गई है।

सदर थाना प्रभारी हीरालाल महतो ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही संजीव की मौत के वास्तविक कारण के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!