
सरायकेला। जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने गम्हरिया थाना क्षेत्र के जामजोड़ा और आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सपड़ा में छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ, देसी महुआ शराब तथा शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई।

उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक सोनू कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान अवैध शराब कारोबार में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान मौके से एक स्कूटी भी बरामद की गई।
विभाग की टीम ने बरामद जावा महुआ, देसी शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य आपत्तिजनक सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। विभाग के अनुसार, क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर अभियान चलाया जा रहा है।
अवर निरीक्षक सोनू कुमार ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी अभियान में अवर निरीक्षक महेंद्र रविदास, सौदागर पंडित समेत उत्पाद विभाग के अन्य पदाधिकारी और होमगार्ड के जवान शामिल रहे।
उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।




