जगन्नाथपुर के डेबरासाही गांव में वज्रपात का कहर, दो महिलाओं की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

जगन्नाथपुर/चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डेबरासाही गांव में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान 20 वर्षीय दशमाती हेंब्रम और 35 वर्षीय सुकुरमनी हेंब्रम के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर दोनों महिलाएं अपने घर के बरामदे में बैठकर बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। कुछ ही क्षणों बाद आकाशीय बिजली गिरने से दोनों महिलाएं उसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना के तुरंत बाद परिजन एवं ग्रामीण दोनों महिलाओं को इलाज के लिए चंपुआ अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार वज्रपात का प्रभाव इतना गंभीर था कि दोनों महिलाओं की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू दास पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
इस हृदयविदारक घटना से डेबरासाही गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय लोगों ने बारिश और वज्रपात के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने भी खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे नहीं रुकने तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी है।




