Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

5 महीने से वेतन नहीं मिलने पर एनएचएम कर्मचारियों का सदर अस्पताल में धरना, महासंघ ने दिया समर्थन

जमशेदपुर, 19 जून: पांच माह से लंबित वेतन भुगतान की मांग को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के कर्मचारियों ने शुक्रवार को जमशेदपुर सदर अस्पताल स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलन में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों एवं अस्पतालों से बड़ी संख्या में एनएचएम कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों के आंदोलन को झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का भी समर्थन प्राप्त हुआ।

धरना पर बैठे कर्मचारियों ने बताया कि लगातार पांच महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। कर्मचारियों ने कहा कि परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है तथा बच्चों की स्कूल फीस और अन्य आवश्यक खर्चों का भुगतान करना भी मुश्किल हो रहा है। बढ़ती महंगाई के बीच बिना वेतन के जीवनयापन करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है।

प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन से अविलंब लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना था कि समय पर वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है, जबकि वे लगातार स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

धरना को समर्थन देने पहुंचे झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र नाथ ठाकुर ने कहा कि वेतन भुगतान में हो रही देरी से कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि महासंघ इस मुद्दे को जिला प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाएगा तथा जिला उपायुक्त और सिविल सर्जन से वार्ता कर शीघ्र समाधान का प्रयास करेगा।

धरना के दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। कर्मचारियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!