Railway News : आद्रा मंडल में एक सप्ताह का रोलिंग ब्लॉक, कई मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन प्रभावित
15 से 21 जून तक अनुरक्षण कार्य के चलते कुछ ट्रेनें रद्द, कई ट्रेनों का मार्ग और परिचालन आंशिक रूप से बदला गया
-
यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की सलाह
रेलवे समाचार : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में इंजीनियरिंग, टीआरडी (TRD) तथा सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन (S&T) विभाग द्वारा आवश्यक अनुरक्षण कार्य के लिए 15 जून से 21 जून 2026 तक संयुक्त रोलिंग ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कई मेमू ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार 68061/68062 आद्रा–आसनसोल–आद्रा मेमू 15 एवं 18 जून को रद्द रहेगी। वहीं 68090/68089 आद्रा–मिदनापुर–आद्रा मेमू 16, 19 और 21 जून को रद्द रहेगी। इसके अलावा 68077/68078 आद्रा–भागा–आद्रा तथा 68079/68080 भोजूडीह–चंद्रपुरा–भोजूडीह मेमू 21 जून को रद्द रहेंगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।
कई ट्रेनों का मार्ग आंशिक रूप से बदला गया
रोलिंग ब्लॉक के कारण कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से समाप्त एवं प्रारंभ किया जाएगा। 18116/18115 चक्रधरपुर–गोमो–चक्रधरपुर मेमू 16, 19 और 21 जून को महुदा तक ही चलेगी, जबकि महुदा–गोमो खंड में सेवा रद्द रहेगी। 68055/68056 आसनसोल–टाटानगर–आसनसोल मेमू 17 और 20 जून को आद्रा तक ही संचालित होगी। इसी तरह 63594/63593 आसनसोल–पुरुलिया मेमू 16 से 20 जून तक आद्रा तक सीमित रहेगी। 18035/18036 खड़गपुर–हटिया एक्सप्रेस 17 और 20 जून को आद्रा में ही समाप्त और प्रारंभ होगी। वहीं 68056/68060 टाटानगर–आसनसोल–बाराभूम मेमू 15 जून को आद्रा में आंशिक रूप से समाप्त और प्रारंभ होगी। रेलवे ने यात्रियों से असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक यात्रा योजना बनाने की सलाह दी है।




