
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत उपायुक्त मनीष कुमार और रुंगटा माइंस लिमिटेड के चेयरमैन मुकुंद रुंगटा को ‘रक्तदान एंबेसडर’ के रूप में सम्मानित किया गया। यह सम्मान वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन (वीबीडीए) पश्चिमी सिंहभूम द्वारा एसआर रुंगटा ग्रुप और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर के दौरान प्रदान किया गया।

सम्मान समारोह में वीबीडीए की ओर से दोनों को ‘रक्तदान एंबेसडर’ की उपाधि प्रदान करते हुए स्मृति स्वरूप विशेष लैपल पिन भेंट किया गया। संस्था ने बताया कि उपायुक्त मनीष कुमार के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए जनजागरूकता अभियान और विभिन्न रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन से जिले में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ी है। इसका सकारात्मक असर रक्त संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि के रूप में देखने को मिला है।

वहीं, रुंगटा माइंस लिमिटेड के चेयरमैन मुकुंद रुंगटा को भी सामाजिक दायित्वों के निर्वहन और रक्तदान जैसे मानवीय अभियान को निरंतर सहयोग देने के लिए सम्मानित किया गया। संस्था ने उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर वीबीडीए पश्चिमी सिंहभूम के अध्यक्ष हर्ष सुल्तानिया, सचिव लालू कुजूर एवं वरिष्ठ सदस्य विकास डोडराजका ने दोनों सम्मानित अतिथियों को लैपल पिन पहनाकर सम्मानित किया।
वीबीडीए के पदाधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन और उद्योग जगत के प्रमुख व्यक्तियों के ‘रक्तदान एंबेसडर’ बनने से युवाओं और आम नागरिकों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ेगा। इससे जिले में रक्त की उपलब्धता और मजबूत होगी तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।




