
चाईबासा: झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने झारखंड आंदोलनकारी दिवंगत दामू बानरा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।

चाईबासा आगमन के बाद सुदेश महतो सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने आजसू पार्टी की पश्चिमी सिंहभूम जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि संघर्ष झारखंड की पहचान रहा है और बेहतर झारखंड के निर्माण के लिए आजसू कार्यकर्ताओं को संघर्ष का चरित्र अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को गरीब, शोषित, वंचित और जरूरतमंद लोगों की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़नी चाहिए। संगठन तभी मजबूत होगा जब कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और उनके समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करेंगे।
उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि पथ निर्माण मंत्री रहते हुए उन्होंने हजारों युवाओं के साथ मोटरसाइकिल से कोल्हान के सुदूर गांवों और जंगलों का दौरा किया था। जगन्नाथपुर, चाईबासा, मनोहरपुर और चक्रधरपुर जैसे क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर संगठन को मजबूत किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम आज देखने को मिल रहा है।
सुदेश महतो ने आगामी राज्य स्तरीय युवा आजसू महासम्मेलन की जानकारी देते हुए बताया कि 7 और 8 अगस्त को जमशेदपुर में दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें कोल्हान क्षेत्र के हर गांव, पंचायत, प्रखंड और विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने-अपने निकटवर्ती रेलवे स्टेशनों से ट्रेन के माध्यम से जमशेदपुर पहुंचेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को संगठित करना और राज्य के गरीब, वंचित एवं बेसहारा लोगों की आवाज को मजबूत करना है।
बैठक के बाद सुदेश महतो दिवंगत आंदोलनकारी दामू बानरा के आवास पहुंचे और उनकी धर्मपत्नी सहित अन्य परिजनों से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस अवसर पर पूर्व प्रत्याशी डॉ. दिनेश चंद्र बोयपाई, अमित महतो, सुजीत गिरी, अजय महतो समेत बड़ी संख्या में आजसू कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




