
चाईबासा: पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा ने खरसावां के देहुरीडीह स्थित आधारशिला ग्लोबल पब्लिक स्कूल परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस अभियान के तहत विद्यालय परिसर में 130 फलदार पौधे लगाए गए, जिनमें आम, अमरूद, कटहल और अनार के पौधे शामिल हैं। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करना है।

इस वृक्षारोपण अभियान में एस.आर. रुंगटा ग्रुप ने सहयोग प्रदान किया। रोटरैक्ट क्लब ने इस सामाजिक पहल में सहयोग के लिए ग्रुप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और उद्योग जगत की साझेदारी से पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को नई मजबूती मिलती है।
रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा के अध्यक्ष विकास गुप्ता ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने की अपील करते हुए कहा कि यही प्रयास भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर जीवन प्रदान करेगा।
पर्यावरणविद् अनिल शर्मा ने कहा कि प्रकृति मानव जीवन के लिए आवश्यक सभी संसाधनों का आधार है। यदि आज पेड़ों का संरक्षण नहीं किया गया तो भविष्य में स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और संतुलित पर्यावरण बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाएगा। उन्होंने सभी लोगों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आधारशिला एजुकेशनल वेलफेयर ट्रस्ट की ट्रस्टी कंचन दयाल एवं प्रवीण कुमार दयाल सहित स्मृति आलोक जायसवाल और अमरेश सिंह देव उपस्थित रहे। वहीं रोटरैक्ट क्लब की ओर से विकास गुप्ता, सौरव गुप्ता, अनिल शर्मा, निशान चौबे, सौरव भगत, साक्षी सिंह और दीक्षा सिंह ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यालय परिवार की ओर से सुनीता केरकेट्टा, सुमन लकड़ा, मुस्कान प्रमाणिक, पूजा लकड़ा, सुप्रिया शाहदेव और आरती सरदार सहित अन्य सदस्यों ने भी अभियान में सहयोग दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। रोटरैक्ट क्लब ऑफ चाईबासा ने आम लोगों से पर्यावरण बचाने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी जिम्मेदारी से देखभाल करने की अपील की।




