
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पहली बार आईपीएल और झारखंड टी-20 लीग की तर्ज पर पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग का आयोजन 22 सितंबर से बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम, चाईबासा में किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ और आयोजन कंपनी स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड के बीच तीन वर्षों के लिए एकरारनामा (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

जिला क्रिकेट संघ की ओर से महासचिव असीम कुमार सिंह तथा स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड की ओर से निदेशक पियुष आनंद ने संघ के पदाधिकारियों की उपस्थिति में समझौते पर हस्ताक्षर कर दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया।

महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल छह फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें चाईबासा चैलेंजर्स, सारंडा स्ट्राइकर, जगन्नाथपुर टाइगर्स, किरीबुरु ब्लास्टर्स, चक्रधरपुर रॉयल्स और नोवामुंडी टाइटंस शामिल हैं। लीग का उद्देश्य जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना और उन्हें पेशेवर क्रिकेट की ओर आगे बढ़ने का अवसर देना है।
पुरस्कार राशि भी आकर्षण का केंद्र होगी। विजेता टीम को 10 लाख रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 5 लाख रुपये दिए जाएंगे। प्रत्येक मैच के मैन ऑफ द मैच को स्मार्ट वॉच, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को स्मार्टफोन तथा पूरे टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को बाइक या स्कूटी पुरस्कार के रूप में प्रदान की जाएगी।
स्टेक स्पोर्ट्स जी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पियुष आनंद ने बताया कि प्रतियोगिता के सभी मुकाबलों का फैनकोड पर सीधा प्रसारण किया जाएगा, जिससे देशभर के क्रिकेट प्रेमी मैचों का आनंद ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों का चयन जिला क्रिकेट संघ द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के आधार पर ए, बी और सी श्रेणी में किया जाएगा। ए श्रेणी में राज्य स्तर का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी, बी श्रेणी में जिला स्तर के खिलाड़ी और सी श्रेणी में स्थानीय लीग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक फ्रेंचाइजी टीम में झारखंड के रणजी ट्रॉफी खिलाड़ियों को आइकॉनिक खिलाड़ी के रूप में शामिल किया जाएगा।
पश्चिमी सिंहभूम में पहली बार आयोजित होने जा रही यह टी-20 लीग स्थानीय क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर साबित होगी और जिले में क्रिकेट के विकास को नई दिशा देने की उम्मीद है।




