Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानझारखंड

Galudih : अंडरग्राउंड शाखा कैनाल की सफाई से बहाल हुई सिंचाई व्यवस्था, किसानों में खुशी

ग्रामीणों के श्रमदान से OR-32 कैनाल का अवरोध हटा, खेतों तक पहुंचेगा पानी

गालूडीह : चांडिल से बहरागोड़ा तक फैली मुख्य नहर (मेन कैनल) से जुड़ी गालूडीह के हेन्दलजुड़ी पंचायत अंतर्गत कालाझोर एवं भूतियाकोचा स्थित अंडरग्राउंड शाखा कैनाल OR-32 की सफाई और मरम्मत से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से कैनाल में कचरा, गाद और अन्य अवरोध जमा होने के कारण जल प्रवाह बाधित हो गया था, जिससे खेतों तक पर्याप्त सिंचाई जल नहीं पहुंच पा रहा था। इसका असर खरीफ फसलों, विशेषकर धान की खेती पर पड़ने लगा था। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए शनिवार को कालाझोर निवासी झामुमो नेता काला सरकार और काशी मुर्मू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान अभियान चलाया। ग्रामीणों ने घंटों मेहनत कर कैनाल में जमा गाद और कचरे को हटाया तथा क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत भी की। इसके बाद कैनाल में पानी का प्रवाह फिर से सुचारु हो गया।

इसे भी पढ़ें : Bahragora : विश्व जनसंख्या दिवस पर बहरागोड़ा सीएचसी में कार्यक्रम का आयोजन, एक माह तक चलेगा जागरूकता अभियान

ग्रामीण एकजुटता से कृषि संकट का समाधान, भविष्य में भी जारी रहेगा अभियान

ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते कैनाल की सफाई नहीं की जाती तो धान की खेती पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता था। अब जल प्रवाह बहाल होने से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद है और कृषि कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकेगा। ग्रामीणों ने कहा कि सामूहिक प्रयास और श्रमदान से गांव की कई समस्याओं का समाधान संभव है। उन्होंने भविष्य में भी सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और समय-समय पर कैनाल की सफाई करने का संकल्प लिया। इस जनहितकारी अभियान में काला सरकार, काशी मुर्मू, सुशील महतो, कन्हाई सिंह, सोसोधर सिंह, पगला मुर्मू, राजेश गोप, ग्राम प्रधान चुंका हेंब्रम, भूतियाकोचा की प्रधान शीला राम हांसदा, कमल हांसदा सहित कालाझोर, राजाबासा और भूतियाकोचा के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। ग्रामीणों के इस प्रयास की क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!