चाईबासा रेलवे स्टेशन स्थित बाबा दिगंबर मंदिर का 10वां वार्षिकोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

चाईबासा: चाईबासा रेलवे स्टेशन स्थित बाबा दिगंबर मंदिर का 10वां वार्षिकोत्सव मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा के पश्चात मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया।

पूजा के उपरांत दोपहर में विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। भंडारे में शहर तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

शाम को आयोजित संध्या भजन-कीर्तन कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीराम के भजनों से हुई, जिसके बाद विभिन्न भक्तिमय प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर शाम तक मंदिर परिसर भगवान के जयकारों और भजनों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मदन यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर समिति के सदस्यों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
वार्षिकोत्सव को सफल बनाने में मंदिर समिति के संरक्षक विजय सिंह गुप्ता, अध्यक्ष जितेंद्र भगत, उपाध्यक्ष विनय भगत, उपाध्यक्ष अमित ठाकुर, रवि भगत, तरुण गोस्वामी, गणेश प्रसाद, मनोज भगत, रौनक सिन्हा, मनीष भगत, पंकज भगत सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया।
आयोजकों ने बताया कि बाबा दिगंबर मंदिर का वार्षिकोत्सव प्रत्येक वर्ष धार्मिक परंपराओं के अनुरूप आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाया। अंत में सभी श्रद्धालुओं के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




