Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

प्रोजेक्ट जागृति के तहत पश्चिमी सिंहभूम में वृहद रक्तदान शिविर, 500 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा संचालित “प्रोजेक्ट जागृति–बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम” के तहत शुक्रवार को जिलेभर के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इस अभियान में सरकारी पदाधिकारियों, कर्मचारियों, अभियंताओं, शिक्षकों, पीडीएस डीलरों, मत्स्य मित्रों, सामाजिक संगठनों, व्यावसायिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। पूरे जिले में आयोजित शिविरों के माध्यम से 500 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

रक्तदान शिविर का आयोजन सदर अस्पताल चाईबासा, अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोईलकेरा, झींकपानी, तांतनगर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कराईकेला में किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संग्रहित रक्त आपातकालीन परिस्थितियों, सड़क दुर्घटना के घायलों, प्रसूता महिलाओं, थैलेसीमिया एवं अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के उपचार में उपयोगी होगा।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूती केवल अस्पतालों और संसाधनों से नहीं, बल्कि समाज की सक्रिय भागीदारी से सुनिश्चित होती है। उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान को मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए कहा कि इससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है।

उन्होंने सभी रक्तदाताओं, सामाजिक संगठनों, विभिन्न विभागों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि नियमित अंतराल पर रक्तदान शिविरों के साथ व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!