मनपीटा में हेवी व्हीकल ट्रेनिंग सेंटर का विरोध, ग्रामसभा ने निर्माण कार्य रोकने की मांग की

जमशेदपुर, 30 अगस्त 2026: जमशेदपुर के हुरलुंग पंचायत अंतर्गत मनपीटा गांव में निर्माणाधीन हेवी व्हीकल ट्रेनिंग सेंटर को लेकर ग्रामीणों का विरोध बढ़ता जा रहा है। रविवार को ग्रामीणों ने ग्रामसभा आयोजित कर परियोजना के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ग्रामसभा में ग्रामीणों ने कहा कि उनकी सहमति के बिना किसी भी परिस्थिति में निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि 24 अगस्त 2026 से बिना ग्रामसभा की अनुमति के निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया गया है।
ग्रामीणों ने कहा कि मनपीटा क्षेत्र पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आता है और यहां पेसा कानून के तहत ग्रामसभा के अधिकारों की अनदेखी नहीं की जा सकती। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि ग्रामसभा की सहमति के बिना निर्माण कार्य किस आधार पर शुरू किया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2023 में भी इस परियोजना का विरोध किया गया था। विरोध के बाद उस समय निर्माण कार्य स्थगित कर दिया गया था। ग्रामीणों का दावा है कि तत्कालीन उपायुक्त की ओर से भी उन्हें आश्वासन दिया गया था कि उक्त स्थान पर यह निर्माण नहीं कराया जाएगा।
पुराने आश्वासन के बावजूद दोबारा निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामसभा में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और ग्रामसभा के अधिकारों तथा पेसा कानून के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।




