
- जलजमाव के कारण बाजार व्यवस्था प्रभावित, सड़क पर लगा जाम
- कई दिनों से नहीं निकली धूप, मौसम साफ होने का इंतजार
गुवा/किरीबुरू : किरीबुरू में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को श्री लोकेश्वर नाथ धाम मंदिर तालाब और लेक गार्डन तालाब के बीच से गुजरने वाली सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई। जलस्तर बढ़ने के कारण दोनों तालाबों का पानी एक-दूसरे में प्रवेश करता दिखाई दिया, जिससे क्षेत्र में अनोखा नजारा देखने को मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्षों में पहली बार ऐसी स्थिति बनी है जब दोनों तालाबों के बीच बनी सड़क पूरी तरह जलमग्न हो गई हो। दूर से देखने पर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो दोनों जलाशय आपस में एक हो गए हों। लगातार हो रही बारिश ने क्षेत्र के कई निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति पैदा कर दी है।
इसे भी पढ़ें : Seraikela : SIR-2026 के सफल क्रियान्वयन को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त ने की समीक्षा, राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग
जाकिर हुसैन पार्क में भरा पानी, सड़क किनारे लगा मंगलाहाट बाजार
भारी बारिश का असर शहर की बाजार व्यवस्था पर भी देखने को मिला। जाकिर हुसैन पार्क पूरी तरह पानी में डूब जाने के कारण प्रत्येक मंगलवार को लगने वाला पारंपरिक मंगलाहाट बाजार इस बार सड़क किनारे लगाना पड़ा। सड़क के किनारे दुकानें सजने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश के बावजूद खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों की भीड़ और वाहनों की आवाजाही ने परेशानी को और बढ़ा दिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलनिकासी की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सके।
इसे भी पढ़ें : *यूजीसी नेट-जेआरएफ में आयुष्मान ने हासिल किया राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान*
घने कोहरे और लगातार बारिश से बढ़ी लोगों की मुश्किलें
लगातार बारिश के साथ छाए घने कोहरे ने किरीबुरूवासियों की परेशानी और बढ़ा दी है। पिछले कई दिनों से लोगों को धूप के दर्शन नहीं हुए हैं। दिनभर बादलों और कोहरे की चादर छाई रहने से सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। शहर के विभिन्न हिस्सों में आवागमन, दैनिक कामकाज और व्यावसायिक गतिविधियों पर असर पड़ा है। जलजमाव, फिसलन भरी सड़कें और कम दृश्यता के कारण लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी अब मौसम के साफ होने और तेज धूप निकलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ताकि शहर की सामान्य स्थिति जल्द बहाल हो सके।




