*क्षतिग्रस्त पुलिया से टोंटो-रोवाम मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित, तत्काल मरम्मत की मांग*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के टोंटो से रोवाम जाने वाले मुख्य मार्ग MDR-34.400 पर स्थित क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। समस्या को लेकर भाजपा युवा मोर्चा, पश्चिमी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन तीऊ ने मंगलवार को जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर उपायुक्त को आवेदन सौंपा और पुलिया की तत्काल मरम्मत कराकर आवागमन बहाल करने की मांग की।

आवेदन में बताया गया है कि उक्त पुलिया पिछले वर्ष बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने श्रमदान कर किसी तरह पुलिया को आवागमन के योग्य बनाया था। लेकिन 31 अगस्त 2026 को हुई भारी बारिश के कारण पुलिया के दोनों ओर मिट्टी का कटाव हो गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।

यह सड़क रेंगड़ाहात पंचायत और बांकी पंचायत के ग्रामीणों के लिए चाईबासा आने-जाने का प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के अलावा स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थी भी इस रास्ते से आवागमन करते हैं। मार्ग बंद होने के कारण दोनों पंचायतों के हजारों ग्रामीणों का जिला मुख्यालय चाईबासा से संपर्क प्रभावित हुआ है। लोगों को राशन, दवा और अन्य आवश्यक सामग्री लाने में भी परेशानी हो रही है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष चंद्रमोहन तीऊ ने कहा कि फॉरेस्ट क्लीयरेंस के कारण सड़क निर्माण का कार्य लंबित है। ऐसी स्थिति में जनहित को देखते हुए क्षतिग्रस्त पुलिया की तत्काल मरम्मत कर उसे आवागमन के योग्य बनाया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीणों, विद्यार्थियों और मरीजों को और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिया का स्थल निरीक्षण कर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कराने और टोंटो-रोवाम मुख्य मार्ग पर आवागमन जल्द बहाल करने की मांग की है।




