कोल्हानचाईबासा

अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर संत जेवियर लुपुंगगुटु विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर, 1200 विद्यार्थियों को दी गई कानूनी जानकारी

चाईबासा।प्रकाश गुप्ता :अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बुधवार को संत जेवियर प्लस-2 हाई स्कूल लुपुंगगुटु, चाईबासा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा), नई दिल्ली और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में विद्यालय के करीब 1200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान डालसा के सचिव रवि चौधरी ने विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।

नशे से दूर रहने की दी सलाह

रवि चौधरी ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाली सामाजिक एवं कानूनी समस्याओं की जानकारी देते हुए कहा कि कई आपराधिक घटनाओं के पीछे नशा एक महत्वपूर्ण कारण बनता है। नशे के प्रभाव में व्यक्ति अपना विवेक खो देता है और कई बार अपराध की ओर बढ़ जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।

साइबर अपराध से बचने के बताए उपाय

शिविर में साइबर अपराध को लेकर भी विद्यार्थियों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। रवि चौधरी ने कहा कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए और लालच में आकर बैंक खाते से संबंधित जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि बैंक कभी फोन करके ओटीपी नहीं मांगता है, इसलिए किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा नहीं करना चाहिए।

उन्होंने साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी।

बिना लाइसेंस वाहन चलाना गैरकानूनी

रवि चौधरी ने विद्यार्थियों को मोटर व्हीकल एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही मोटर वाहन चलाना चाहिए। उन्होंने 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के वाहन चलाने पर रोक के संबंध में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया।

उन्होंने दुर्घटना की स्थिति में मिलने वाले बीमा लाभ के बारे में जानकारी देते हुए वाहन का वैध इंश्योरेंस कराने के लिए भी प्रेरित किया।

विद्यार्थियों ने पूछे कानूनी सवाल

शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कानूनी विषयों से जुड़े सवाल पूछे। डालसा सचिव रवि चौधरी ने विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। उन्होंने कहा कि किसी भी कानूनी समस्या की स्थिति में उपलब्ध कानूनी सहायता का लाभ उठाना चाहिए और हमेशा कानून का पालन करना चाहिए।

मौके पर पीएलवी हेमराज निषाद, रेणु देवी और सूरज कुमार ठाकुर ने भी विद्यार्थियों को बाल विवाह, बाल श्रम, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के गठन एवं उद्देश्यों तथा महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य फादर किशोर लुगुन, फादर संजय कुमार एक्का सहित शिक्षक विजय कुमार पात्रा, बुधेश्वर महतो, गोविंद मिश्रा, अभिजीत रक्षित, अदिति जेनिफर मिंस, विनीता लता, अल्डा औरवंती यादव, प्रियंका सिंकू, पंकज कुमार महतो और आशीष झा उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!