
- विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति पर हुई चर्चा, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर
- BLO और BLA-2 की भूमिका को बताया महत्वपूर्ण, योग्य मतदाता छूटे नहीं, अपात्र नाम सूची में शामिल न हों
- जमीनी स्तर पर दावा-आपत्ति प्रक्रिया की निगरानी, समयबद्ध निष्पादन के निर्देश
सरायकेला-खरसावाँ : सिंहभूम (कोल्हान) के प्रमंडलीय आयुक्त एवं रोल ऑब्जर्वर रविरंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में सरायकेला-खरसावाँ समाहरणालय सभागार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराना था। इस अवसर पर सरायकेला विधानसभा के विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, इचागढ़ विधायक सविता महतो, जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह, अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई तथा राजनीतिक दलों को पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया गया।
इसे भी पढ़ें : *यूजीसी नेट-जेआरएफ में आयुष्मान ने हासिल किया राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान*
निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण की समय-सीमा और प्रक्रिया की दी गई जानकारी
बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने SIR-2026 के निर्धारित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जा चुका है तथा दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक जारी रहेगी। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। उन्होंने घर-घर सत्यापन अभियान, गणना प्रपत्र (Enumeration Form) संग्रहण, ASDDF सूची के सत्यापन तथा प्राप्त दावा-आपत्तियों के निष्पादन की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण किया जा रहा है ताकि पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल हो सके और अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाए जा सकें।
इसे भी पढ़ें : *नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ मामले में आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे में पुलिस ने की कार्रवाई*
राजनीतिक दलों की शंकाओं का समाधान, समन्वय बढ़ाने पर जोर
बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निर्वाचन सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया से संबंधित कई सुझाव और शंकाएं प्रस्तुत कीं। संबंधित अधिकारियों ने सभी प्रश्नों का समाधान करते हुए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई तथा प्राप्त सुझावों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने कहा कि SIR-2026 की सफलता में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) और बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पक्षों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दावा एवं आपत्तियों के सत्यापन और निष्पादन में पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए, ताकि मतदाताओं का विश्वास निर्वाचन प्रक्रिया में बना रहे।
इसे भी पढ़ें : *171वें रोटरी मासिक रक्तदान शिविर में 10 लोगों ने किया रक्तदान*
चम्पाई सोरेन ने शहरी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की दी सलाह
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चम्पाई सोरेन ने विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में मतदाता सत्यापन के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन नामावली लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और नियमसम्मत ढंग से संचालित करने की आवश्यकता बताई। वहीं इचागढ़ विधायक सविता महतो ने भी मतदाता जागरूकता बढ़ाने तथा अधिकाधिक लोगों को सत्यापन प्रक्रिया में शामिल करने पर जोर दिया।
इसे भी पढ़ें : *रेलकर्मियों को साल्वेज सेवा का प्रशिक्षण आपदा प्रबंधन में महत्वपूर्ण : संतोष कुमार*
मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर जनसुनवाई और हियरिंग कार्यों का लिया जायजा
समीक्षा बैठक के उपरांत प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने सरायकेला विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दावा एवं आपत्ति से संबंधित हियरिंग और जनसुनवाई कार्यों की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित बीएलओ, ईआरओ और निर्वाचन अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों, उनके सत्यापन और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से निर्णय लिया जाए। साथ ही मतदाताओं को आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर बल दिया। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे SIR-2026 में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समय रहते अपने मतदाता संबंधी दावों एवं आपत्तियों का निपटारा सुनिश्चित करें।




