कुइली नदी में बड़ा हादसा, तेज बहाव में तीन ग्रामीण बहे; दो के शव बरामद, एक की तलाश जारी

मनोहरपुर। छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव में रविवार शाम कुइली नदी पार करने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से तीन ग्रामीण बह गए। हादसे में बोसेन सिद्धु, बामिया सिद्धु और सुनीता सिद्धु के नदी में बहने की सूचना है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और नदी में खोजबीन अभियान शुरू किया। देर रात तक चले तलाशी अभियान में दो ग्रामीणों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि तीसरे लापता ग्रामीण की तलाश अब भी जारी है।

सोमवार सुबह मनोहरपुर के बीडीओ, सीओ एवं प्रखंड प्रमुख घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और परिजनों से घटना की जानकारी ली। बरामद दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
वहीं, तीसरे लापता ग्रामीण की तलाश के लिए नदी में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हादसे के बाद बहदा गांव में शोक और मातम का माहौल है।




