राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग के खिलाफ प्रशासन का अभियान, 23 वाहन चालकों से ₹1.01 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

जमशेदपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर शुक्रवार, 9 अक्टूबर को पारडीह से बालिगुमा तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से वाहन पार्क करने वाले 23 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। प्रशासन ने इनसे कुल 1,01,950 रुपये का जुर्माना वसूला।
जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में मानगो थाना प्रभारी, मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई), सड़क सुरक्षा टीम और अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे। अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने पर जोर दिया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग के कारण यातायात बाधित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने वाहन संचालकों से अपील की है कि वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन पार्क करने से बचें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।




