कोल्हान

कंदरबेरा चौक पर खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई, बालू लदा आईसर वाहन जब्त; अवैध परिवहन पर प्रशासन सख्त

सरायकेला-खरसावां। जिले में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। उपायुक्त के निर्देश पर 8 अक्टूबर की देर रात खनन विभाग की टीम ने कंदरबेरा चौक पर छापेमारी कर बालू लदे एक आईसर वाहन को जब्त किया। जब्त वाहन को आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए कपाली थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपायुक्त के निर्देश के आलोक में जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में खान निरीक्षक ने यह कार्रवाई की। देर रात की गई इस कार्रवाई के बाद अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों के बीच प्रशासन की सख्ती का संदेश गया है।

जिला प्रशासन ने जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को ऐसी गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!