*नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ मामले में आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे में पुलिस ने की कार्रवाई*

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में चाईबासा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में पीड़िता के परिजन की ओर से 30 अगस्त 2026 को महिला थाना किरीबुरू (कैम्प-नोवामुंडी) में आवेदन दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई थी। आवेदन के आधार पर महिला थाना किरीबुरू (कैम्प-नोवामुंडी) कांड संख्या 04/26, दिनांक 30 अगस्त 2026 को धारा 79/126(2), 351(2) बीएनएस 2023 एवं 8/12 पोक्सो एक्ट 2012 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरू विनीत कुमार किंडो के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम में बड़ाजामदा ओपी प्रभारी रामेश्वर उरांव सहित पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त मो. सफीक उर्फ मो. राजा (27 वर्ष) को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी के पिता का नाम स्व. अब्दुल मुतालिब बताया गया है। वह एच रोड, मुस्लिम बस्ती, थाना आदित्यपुर, जिला सरायकेला-खरसावां का रहने वाला है।
चाईबासा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या डायल-112 पर संपर्क करें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता गुप्त रखा जाएगा।




