Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurझारखंडरेलवे समाचार

टाटानगर रेलवे स्टेशन सलाहकार समिति की बैठक संपन्न, पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं और समयपालन पर हुई विस्तृत चर्चा

जमशेदपुर, 31 जुलाई। टाटानगर रेलवे स्टेशन के रिजर्व लाउंज में शुक्रवार को स्टेशन सलाहकार समिति (एससीसी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेलवे प्रशासन और समिति के सदस्यों ने स्टेशन के पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था तथा बढ़ते परिचालन दबाव को कम करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में समिति की ओर से सुरेश शर्मा (एससीसीआई), हसन मलिक (जेआरडी सदस्य), डॉ. साहिर पल्ल तथा विद्या भारती चिन्मया विद्यालय की प्राचार्या मीना विल्खू उपस्थित रहीं। वहीं रेलवे प्रशासन की ओर से स्टेशन निदेशक सुनील कुमार, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक राकेश के. आर. रॉय, स्टेशन प्रबंधक संतोष कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान टाटानगर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्टेशन को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस बनाने की प्रस्तावित योजना, मास्टर प्लान तथा निर्माण कार्य के विभिन्न चरणों की जानकारी दी। साथ ही यात्रियों को मिलने वाली नई सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

यात्रियों की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, सूचना प्रणाली तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार पर भी विचार-विमर्श किया गया।

सलाहकार समिति के सदस्यों ने स्टेशन परिसर में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था की सराहना करते हुए रेलवे प्रशासन और कर्मचारियों के प्रयासों की प्रशंसा की तथा इस व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने पर जोर दिया।

बैठक में ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था पर भी विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने परिचालन दक्षता बढ़ाने तथा ट्रेनों का समय पर संचालन सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।

स्टेशन पर बढ़ते दबाव और भीड़ को कम करने के लिए कुछ ट्रेनों का परिचालन आदित्यपुर स्टेशन से संचालित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। अधिकारियों का मानना है कि इससे टाटानगर स्टेशन पर भीड़ कम होगी और परिचालन क्षमता में सुधार आएगा।

बैठक के अंत में यात्रियों से जुड़े विभिन्न सुझावों और अन्य परिचालन संबंधी विषयों पर चर्चा की गई। रेलवे प्रशासन ने समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!