
- स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग उठाई
मुरी : मुरी-गोला सड़क की स्थिति इन दिनों काफी चिंताजनक बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। दिनभर सड़क पर धूल का गुबार उड़ता रहता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुरी के सिंगपुर चौक के समीप कई अस्पताल और विद्यालय स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज, छात्र-छात्राएं और अभिभावक आते-जाते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
इसे भी पढ़ें : Jadugoda : ब्रेन मलेरिया से जादूगोड़ा के युवक की मौत, पोटका में मृतकों की संख्या पहुंची छह
दो वर्षों से चल रहा चौड़ीकरण कार्य, फिर भी नहीं सुधरी सड़क
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुरी-गोला सड़क पर पिछले दो वर्षों से चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, लेकिन अब तक सड़क की हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे स्थिति और भी दयनीय हो जाती है। लोगों का कहना है कि सिंगपुर चौक के आसपास की स्थिति सबसे खराब है। कई लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि किसी को बदहाल सड़क का उदाहरण देखना हो तो वह मुरी-गोला सड़क के सिंगपुर चौक क्षेत्र का दौरा कर सकता है। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लोगों को राहत देने की मांग की है।




