कोल्हानसरायकेला

विश्व आदिवासी दिवस पर रिचीतुका में फुटबॉल प्रतियोगिता, एपीसी रिचीतुका बनी विजेता

राजनगर।प्रकाश गुप्ता:विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी प्रगति क्लब की ओर से राजनगर प्रखंड के रिचीतुका गांव में एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले एवं पुरस्कार वितरण समारोह में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

फाइनल मुकाबला एके हार्डगर और मेजबान एपीसी रिचीतुका के बीच खेला गया। सांसद जोबा माझी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मैच का उद्घाटन किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं रही।

इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट कराया गया। पेनाल्टी शूटआउट में भी मुकाबला बराबरी पर रहा। अंततः रेफरी द्वारा टॉस कराया गया, जिसमें मेजबान टीम एपीसी रिचीतुका के पक्ष में परिणाम आया और उसे प्रतियोगिता का विजेता घोषित किया गया।

पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि फुटबॉल क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा और जुनून से जुड़ा खेल है। गांव स्तर पर खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की जरूरत है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

सांसद ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और नियमित रूप से अभ्यास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मेहनत, अनुशासन और संघर्ष ही किसी खिलाड़ी को आगे बढ़ने में मदद करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी और क्षेत्र के युवाओं को खेल के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग और प्रोत्साहन देने की बात कही।

समारोह के दौरान अतिथियों के हाथों विजेता एवं उपविजेता टीमों को नगद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी और खस्सी प्रदान की गई। कार्यक्रम में झामुमो के वरिष्ठ नेता केपी सोरेन, भुगलु सोरेन, कृष्णा बास्के, रामजीत हांसदा, रामसिंह हेम्ब्रम, भूकतु मार्डी समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी, ग्रामीण एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!