*हाथों की नियमित धुलाई से कई बीमारियों से बचाव संभव: मनीष कुमार*
विश्व हाथ धुलाई दिवस पर उपायुक्त मनीष कुमार और एसपी अमित रेनू ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*

चाईबासा: विश्व हाथ धुलाई दिवस के अवसर पर गुरुवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय परिसर, चाईबासा से स्वच्छता जागरूकता वाहन रवाना किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। इस दौरान गुब्बारे उड़ाकर आम लोगों को स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई और हाथों की नियमित धुलाई के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल चाईबासा और चक्रधरपुर के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य लोग मौजूद थे।
जागरूकता अभियान का उद्देश्य लोगों को हाथों की सफाई के महत्व के बारे में जानकारी देना और दैनिक जीवन में स्वच्छ आदतें अपनाने के लिए प्रेरित करना है। जागरूकता वाहन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को हाथ धोने की सही विधि, स्वच्छता के नियमों और संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
इस अवसर पर बताया गया कि साबुन और स्वच्छ पानी से हाथ धोने की आदत कई संक्रामक बीमारियों से बचाव में मददगार है। हाथों के माध्यम से रोगाणु शरीर में प्रवेश कर सकते हैं, जिससे दस्त, पेट संबंधी संक्रमण और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। नियमित रूप से हाथ धोने से संक्रमण के प्रसार को काफी हद तक रोका जा सकता है।
लोगों को विशेष रूप से भोजन करने और भोजन तैयार करने से पहले, शौचालय के उपयोग के बाद, बच्चों को खाना खिलाने से पहले तथा खांसने या छींकने के बाद हाथ अच्छी तरह धोने की सलाह दी गई। हाथों की सफाई न केवल व्यक्ति, बल्कि परिवार और पूरे समुदाय को स्वस्थ रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और साबुन तथा स्वच्छ पानी से नियमित रूप से हाथ धोएं। साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें, ताकि सामूहिक प्रयास से स्वस्थ और स्वच्छ समाज का निर्माण किया जा सके।




