रांजाबुरु खदान मारपीट मामला: झामुमो कार्यकर्ता वृंदावन गोप गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा प्रखंड स्थित रांजाबुरु खदान में स्थानीय रोजगार और पूर्व में हुए लिखित समझौते को लागू कराने की मांग को लेकर जारी आंदोलन के दौरान हाईवा चालक से मारपीट के मामले में गुवा थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता वृंदावन गोप के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे चाईबासा जेल भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, 10 अगस्त से रांजाबुरु खदान में स्थानीय रोजगार समेत पूर्व में हुए समझौते को लागू कराने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन चल रहा है। इसी दौरान निजी कंपनी मां सरला के हाईवा चालक रविंद्र पासवान के साथ मारपीट की घटना सामने आई। चालक ने आंदोलनकारियों पर डंडे और पत्थरों से हमला करने का आरोप लगाया है।
घटना में घायल रविंद्र पासवान को इलाज के लिए सेल गुवा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर रेफर कर दिया। वहीं, घटना में घायल दो अन्य चालकों का इलाज भी गुवा सेल अस्पताल में कराया गया।
घायल चालक के अनुसार, खदान बंदी की जानकारी होने के बावजूद कंपनी के सुपरवाइजर के निर्देश पर हाईवा से लौह अयस्क की ढुलाई की जा रही थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष आंदोलनकारी मौके पर पहुंचे और चालकों के साथ मारपीट करने लगे। स्थिति बिगड़ने पर चालकों ने वाहनों से कूदकर झाड़ियों और आसपास के क्षेत्रों में भागकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल चालक का बयान दर्ज किया।
थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि मामले में फिलहाल वृंदावन गोप को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




