खरसावां में सड़क हादसे में पीडीएस डीलर की मौत, दो नाती घायल; 10 लाख मुआवजे की मांग

खरसावां। खरसावां प्रखंड के सतीकुदर निवासी 55 वर्षीय जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदार करम सिंह बोदरा की शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार दो नाती निखिल बोदरा और बिरज सिंह बोदरा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज खरसावां के निजी नर्सिंग होम में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, करम सिंह बोदरा अपनी बाइक से खरसावां प्रखंड परिसर स्थित एसएफसी गोदाम से अपनी पीडीएस दुकान का राशन लेने गए थे। राशन उठाने के बाद वे देहड़डीह स्थित आदर्श ग्लोबल पब्लिक स्कूल पहुंचे, जहां से दोनों नातियों को बाइक पर बैठाकर सतीकुदर लौट रहे थे। बताया गया कि राशन लदा 407 वाहन उनके पीछे चल रहा था।
इसी दौरान बनाइकेला चौक के समीप एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद करीब 70 क्विंटल राशन लदा 407 वाहन भी अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। दुर्घटना में करम सिंह और उनके दोनों नाती गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने करम सिंह बोदरा को मृत घोषित कर दिया। निखिल के सिर और पैर तथा बिरज के सिर और हाथ में चोट लगी है। दोनों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर खरसावां पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर प्रदर्शन करते हुए मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीडीएस जिला अध्यक्ष ने परिवार से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीडीएस जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता फुलकांत झा सतीकुदर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में संगठन और वे स्वयं पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।
फुलकांत झा ने खरसावां विधायक दशरथ गागराई, खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा, सरायकेला-खरसावां उपायुक्त तथा स्वास्थ्य एवं खाद्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से पीड़ित परिवार को तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री से मृतक पीडीएस डीलर के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता/मुआवजा देने का आग्रह किया।
उन्होंने दुर्घटना में घायल दोनों बच्चों सहित अन्य घायलों का सरकारी स्तर पर समुचित एवं निःशुल्क इलाज कराने तथा परिवार को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की भी मांग की।
इस मौके पर पीडीएस के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देव प्रकाश देवता और क्रोध नायक मौजूद रहे। दोनों ने भी परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और सरकार से तत्काल आर्थिक सहायता एवं बेहतर इलाज की मांग की।
मृतक करम सिंह बोदरा की पीडीएस दुकान ग्राम सतीकुदर, पंचायत दलाइकेला, प्रखंड खरसावां, जिला सरायकेला-खरसावां में स्थित है। सूचना पट के अनुसार दुकान की अनुज्ञप्ति संख्या 60/91 है।




