*समाजसेवी राम होनहागा ने पर्यटकों के लिए पेयजल, शौचालय, लाइटिंग, पार्किंग और बैठने की व्यवस्था कराने का किया आग्रह*

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड स्थित प्रसिद्ध नकटी डैम को बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग उठी है। इस संबंध में चक्रधरपुर के समाजसेवी राम होनहागा ने उपायुक्त मनीष कुमार को आवेदन देकर डैम क्षेत्र में पर्यटकों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
आवेदन में राम होनहागा ने कहा है कि नकटी डैम पश्चिमी सिंहभूम जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल कोल्हान के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने और नौका विहार का आनंद लेने पहुंचते हैं। यहां वरिष्ठ नागरिकों, अधिकारियों, स्कूली एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ विभिन्न विभागों के लोग भी घूमने आते हैं। प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण के कारण यह स्थान पर्यटकों को आकर्षित करता है।
उन्होंने कहा कि नकटी डैम की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक विशेषता और धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए इसके विकास की ठोस योजना तैयार की जानी चाहिए। डैम के आसपास उपलब्ध मैदानी क्षेत्रों का बेहतर उपयोग कर इसे आकर्षक पर्यटन स्थल बनाया जा सकता है।
राम होनहागा ने उपायुक्त से मांग की है कि पर्यटकों की सुविधा के लिए बैठने और विश्राम करने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई और पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा डैम तक पहुंचने वाले रास्ते को बेहतर बनाने के साथ क्षेत्र का सौंदर्यीकरण, आकर्षक लाइटिंग, लैंडस्केपिंग और नए व्यू प्वाइंट विकसित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि यदि नकटी डैम में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएं तो यह कोल्हान क्षेत्र का एक बेहतर पर्यटन केंद्र बन सकता है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे और क्षेत्र की पहचान बढ़ेगी।
समाजसेवी राम होनहागा ने उपायुक्त से इस दिशा में पहल करते हुए नकटी डैम के विकास के लिए आवश्यक योजना तैयार कराने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।




