*पश्चिमी सिंहभूम में 20 लोगों को मिला नियुक्ति पत्र, 65 लाभुकों के बीच 30.33 करोड़ की परिसंपत्तियों का वितरण*

चाईबासा : झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय परिसर में नियुक्ति पत्र सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत कुल 20 लोगों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि 65 लाभुकों के बीच 30 करोड़ 33 लाख 39 हजार 200 रुपये की परिसंपत्तियों और आर्थिक सहायता का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा, सिंहभूम सांसद जोबा माझी, मझगांव विधायक निरल पूर्ति, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु, मनोहरपुर विधायक जगत माझी, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव और उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नियुक्ति पत्र वितरण के तहत राजस्व विभाग में एक मानकी और 13 मुंडा, समाज कल्याण विभाग में दो आंगनबाड़ी सेविका और दो सहायिका तथा विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत दो ग्राम रोजगार सेवकों को नियुक्ति पत्र दिया गया।
परिसंपत्ति वितरण के दौरान परिवहन विभाग ने हिट एंड रन दुर्घटना में मृतकों के दो आश्रितों को मुआवजा और दो लोगों को वाहन चालन अनुज्ञप्ति प्रदान की। कल्याण विभाग ने तीन लाभुकों को व्यक्तिगत वनपट्टा दिया। राजस्व विभाग की ओर से आपदा, वज्रपात, अतिवृष्टि से मकान क्षति और सड़क दुर्घटना के चार मामलों में 7 लाख 45 हजार रुपये की सहायता दी गई।
इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड के तहत 70 हजार रुपये और एक उद्यमी को एमएसएमई के तहत चार लाख रुपये का ऋण दिया गया। श्रम विभाग की योजनाओं के तहत प्रवासी श्रमिक दुर्घटना सहायता में एक लाख 50 हजार रुपये और मातृत्व सुविधा योजना में 15 हजार रुपये दिए गए।
महिला स्वयं सहायता समूहों को पलाश और जेएसएलपीएस के बैंक लिंकेज कार्यक्रम से वित्तीय सहायता दी गई। फूलो झानो आशीर्वाद अभियान के तहत एक लाभुक को 50 हजार रुपये मिले। वहीं, 14 वृद्धजनों के बीच कंबल बांटे गए।
ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न आवास एवं आजीविका योजनाओं के तहत पांच लाभुकों को लाभ दिया गया। पशुपालन विभाग ने बकरा विकास योजना के तहत दो लाभुकों को 99 हजार 200 रुपये की परिसंपत्ति दी। कृषि विभाग ने पांच लाभुकों को किसान समृद्धि योजना, मसूर दाल और मृदा स्वास्थ्य कार्ड से संबंधित लाभ दिया।
मत्स्य विभाग ने दो लाभुकों को आइसबॉक्स सहित मोटरसाइकिल प्रदान की। दो मत्स्य पालकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए 30-30 हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया गया। शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को स्वेटर, जूते, एमआर किट और बैसाखी उपलब्ध कराई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांच लाभुकों को पोषण सामग्री की टोकरी और पांच सहियाओं को प्रोत्साहन राशि दी गई।
कौशल विकास योजना के तहत पांच लाभुकों को प्रशिक्षण संबंधी लाभ मिला। समाज कल्याण विभाग ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत तीन किशोरियों को पांच-पांच हजार रुपये दिए। इसके अलावा अन्नप्राशन, गोदभराई और दो दिव्यांग लाभुकों को व्हीलचेयर प्रदान की गई।
इस अवसर पर मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का भी समय है। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। नियुक्ति पत्र से युवाओं को रोजगार मिलेगा और परिसंपत्तियों के वितरण से लाभुक आत्मनिर्भर बनेंगे। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से जरूरतमंदों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
सांसद जोबा माझी ने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की जनकल्याणकारी सोच और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिले के समग्र विकास के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।




