बोलानी में कॉलेज छात्रा का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

गुवा/बोलानी: बोलानी थाना क्षेत्र के टाउनशिप मुख्य बाजार के समीप सोमवार सुबह एक घर में कॉलेज छात्रा का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान तानिया ठाकुर के रूप में हुई है। वह बड़बिल कॉलेज की छात्रा थी और पढ़ाई के साथ-साथ बड़बिल की एक निजी कंपनी में पार्ट-टाइम काम भी करती थी।
परिजनों के अनुसार, रविवार रात तानिया अपने कमरे में पढ़ाई करने गई थी। देर रात जब परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे तो वह फंदे से लटकी मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की अटकलें नहीं लगाने की अपील की है। घटना से परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।




