किरीबुरू में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई स्व. सागु सामड की 91वीं जयंती, शिक्षा और सामाजिक एकता का लिया संकल्प

किरीबुरू: आदिवासी हो समाज महासभा के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय सागु सामड की 91वीं जयंती सोमवार को आदिवासी कल्याण केंद्र परिसर, किरीबुरू में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में आदिवासी हो समाज युवा महासभा, महिला महासभा, आदिवासी कल्याण केंद्र किरीबुरू एवं मेघाहातुबुरू प्रॉस्पेक्टिंग के पदाधिकारी, सदस्य और बच्चों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान स्व. सागु सामड के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने उनके समाज सुधार, शिक्षा और आदिवासी हो समाज को संगठित करने में दिए गए योगदान को याद किया। गोपी लागुरी ने कहा कि स्व. सागु सामड एक कुशल शिक्षक, समाजसेवी और दूरदर्शी व्यक्तित्व थे। उन्होंने आदिवासी हो समाज महासभा की स्थापना कर समाज को नई दिशा दी तथा शिक्षा के क्षेत्र में आसुरा स्कूल की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने तथा समाज में शिक्षा, एकता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाज के कई पदाधिकारी, महिलाएं, युवा एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।




