Uncategorized

जमशेदपुर के साकची गुरुद्वारा में श्रद्धा से मना गुरु ग्रंथ साहिब जी का 422वां प्रथम प्रकाश पर्व

विशेष कीर्तन दरबार में उमड़ी संगत ने टेका माथा, सरबत के भले की अरदास के बाद गुरु का अटूट लंगर बरताया गया

जमशेदपुर: साकची गुरुद्वारा साहिब में रविवार को जुगो-जुग अटल धन-धन साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का 422वां प्रथम प्रकाश पर्व श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगत ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष माथा टेका और सरबत के भले की अरदास की।

अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ हुआ समागम का शुभारंभ

गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के तत्वावधान में सिख स्त्री सत्संग सभा, सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था एवं सिख नौजवान सभा, साकची के सहयोग से आयोजित समागम की शुरुआत सुबह 10 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के भोग के साथ हुई।

इसके बाद गुरु घर के रागियों और कथावाचकों ने गुरबाणी, शबद-कीर्तन एवं गुरमति विचारों के माध्यम से संगत को गुरु साहिब की शिक्षाओं से जोड़ा। समागम में “बाणी गुरू, गुरू है बाणी”, “सब सिक्खन को हुक्म है गुरु मान्यो ग्रन्थ”, “संता के कारज आप खलोआ” और “साहिब मेरा एको है” सहित विभिन्न शबद-कीर्तन प्रस्तुत किए गए।

अमृतसर से पहुंचे हजूरी रागी ने किया शबद-कीर्तन

श्री दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी भाई करमजीत सिंह ‘शाहबाद मारकंडा’ विशेष रूप से जमशेदपुर पहुंचे। उन्होंने वायलिन की मधुर धुन के साथ गुरबाणी और शबद-कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया।

वहीं धर्म प्रचार कमिटी, अमृतसर के प्रचारक भाई जगदेव सिंह ‘तारागढ़’ ने गुरमति विचार साझा किए। जमशेदपुर के युवा कीर्तनीये भाई गुरदीप सिंह ‘निक्कू’ और साकची गुरुद्वारा साहिब के हजूरी रागी भाई नारायण सिंह ने भी शबद-कीर्तन प्रस्तुत किया।

गुरु ग्रंथ साहिब की महानता और सिख इतिहास पर प्रकाश

गुरुद्वारा साहिब के मुख्य ग्रंथी भाई अमृतपाल सिंह मन्नण एवं जत्थेदार ज्ञानी जरनैल सिंह ने कथा और सिख इतिहास के माध्यम से संगत को गुरु ग्रंथ साहिब जी की महानता एवं गुरमत सिद्धांतों से अवगत कराया।

समागम के दौरान गुरबाणी के माध्यम से सत्य, सेवा, विनम्रता, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सरबत के भले की अरदास की गई और संगत के लिए गुरु का अटूट लंगर बरताया गया।

गुरु ग्रंथ साहिब पूरी मानवता के आध्यात्मिक मार्गदर्शक

गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के प्रधान सरदार निशान सिंह ने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब जी केवल सिखों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के आध्यात्मिक मार्गदर्शक हैं।

कमिटी के महासचिव परमजीत सिंह काले ने कहा कि प्रथम प्रकाश पर्व संगत के लिए आत्मचिंतन और गुरु साहिब की शिक्षाओं से जुड़ने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब जी की बाणी सत्य, सेवा, विनम्रता, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

1604 में हुआ था प्रथम प्रकाश

गौरतलब है कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रथम प्रकाश वर्ष 1604 में श्री हरिमंदिर साहिब, अमृतसर में हुआ था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में दुनियाभर की सिख संगत श्रद्धा और उल्लास के साथ प्रथम प्रकाश पर्व मनाती है।

समागम को सफल बनाने में गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची के प्रधान निशान सिंह, महासचिव परमजीत सिंह काले, ट्रस्टी रबिन्दर सिंह, सतनाम सिंह सिद्धू, कोषाध्यक्ष बलबीर सिंह, रणधीर सिंह, शमशेर सिंह सोनी, अजायब सिंह बरियार, सतपाल सिंह राजू, सुखविंदर सिंह निक्कू, त्रिलोचन सिंह तोची, हरपाल सिंह सिद्धू, दलजीत सिंह, मनोहर सिंह मीते, बलवीर सिंह धंजल, गुरपाल सिंह, सुखदेव सिंह, जगमिंदर सिंह, सतवीर सिंह गोल्डू, सन्नी सिंह बरियार, राजिंदर सिंह, अमरपाल सिंह और हरविंदर सिंह सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसके अलावा सिख स्त्री सत्संग सभा, साकची की प्रधान बीबी जतिंदरपाल कौर, सुखमणि साहिब कीर्तनी जत्था की बीबी राज कौर, सिख नौजवान सभा, साकची के अध्यक्ष रोहितदीप सिंह, मोनी रंधावा सहित अन्य सदस्यों ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!