कोल्हान

जाताल पूजा स्थल की जमीन पर अतिक्रमण की तैयारी का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

चांडिल। चांडिल प्रखंड के आसनबनी दालमा तराई स्थित आदिवासियों के पौराणिक एवं पारंपरिक जाताल बाबा पूजा स्थल की जमीन पर कथित अतिक्रमण की तैयारी को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने पूजा स्थल की जमीन पर जेसीबी चलाए जाने का विरोध करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि भूमाफियाओं द्वारा स्थानीय प्रशासन की कथित मिलीभगत से एपेक्स कंपनी प्रबंधन के सहयोग से पूजा स्थल की जमीन पर कब्जा कर उसे बेचने की तैयारी की जा रही है। ग्रामीणों ने जमीन की घेराबंदी और बिक्री का पुरजोर विरोध किया है।

ग्रामीणों के अनुसार, गत 29 जुलाई को एपेक्स कंपनी के प्रबंधक बीके तिवारी, जमशेदपुर, द्वारा कुछ दबंग एवं असामाजिक तत्वों की मदद से पारंपरिक जाताल पूजा स्थल की घेराबंदी का प्रयास किया गया था। ग्रामीणों के विरोध के बाद मामला तनावपूर्ण हो गया था। बाद में जिला प्रशासन के हस्तक्षेप से स्थिति शांत हुई।

ग्रामीण प्रल्हाद उरांव ने आरोप लगाया कि रविवार को जमशेदपुर के कथित जमीन कारोबारी गणेश सिंह के नाम का दबाव और दहशत पैदा करते हुए सुकलाल पहाड़िया, गुरुचरण कर्मकार, मनमन सिंह, संतोष प्रमाणिक समेत करीब एक दर्जन लोगों ने जेसीबी की मदद से पूजा स्थल की जमीन पर सफाई अभियान चलाया। ग्रामीणों का आरोप है कि सीमेंट-कंक्रीट के बाउंड्री पिलर लगाकर दोबारा घेराबंदी की तैयारी की जा रही है।

ग्रामीणों ने कहा कि प्रभावशाली लोगों और सत्तापक्ष से जुड़े लोगों के कथित दबाव में प्रशासनिक स्तर पर अतिक्रमण का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मामले को लेकर ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराने तथा पूजा स्थल की जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!