कोल्हान

*आलू, प्याज और लहसुन की बढ़ती कीमतों पर कार्रवाई की मांग*

*सुनील सिरका ने एसडीओ को सौंपा ज्ञापन, खुदरा बाजार में औचक जांच और जमाखोरों पर कार्रवाई की मांग*

चाईबासा: चाईबासा और आसपास के खुदरा बाजारों में आलू, प्याज और लहसुन की बढ़ती कीमतों को लेकर झारखंड आंदोलनकारी सह ग्रामीण संवेदक संघ, पश्चिम सिंहभूम के अध्यक्ष सुनील सिरका ने प्रशासन से हस्तक्षेप करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, सदर चाईबासा को मांग पत्र सौंपकर जमाखोरी और अत्यधिक मुनाफाखोरी पर रोक लगाने की अपील की है।

ज्ञापन में सुनील सिरका ने आरोप लगाया है कि थोक बाजार में कीमतें कम होने के बावजूद खुदरा बाजार में आलू, प्याज और लहसुन ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं। इससे आम लोगों, विशेषकर गरीब परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

उन्होंने ज्ञापन में बताया कि थोक बाजार में आलू 350 रुपये प्रति 50 किलो यानी सात रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध है, जबकि खुदरा बाजार में इसकी कीमत 15 रुपये प्रति किलो तक है। इसी तरह प्याज का थोक भाव 2300 रुपये प्रति 50 किलो यानी 46 रुपये प्रति किलो बताया गया है, जबकि खुदरा बाजार में इसे 60 से 70 रुपये प्रति किलो बेचा जा रहा है।

ज्ञापन के अनुसार, लहसुन का थोक भाव 3900 रुपये प्रति 30 किलो यानी 130 रुपये प्रति किलो है, जबकि खुदरा बाजार में इसकी कीमत 240 से 300 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।

सुनील सिरका ने प्रशासन से चाईबासा और आसपास के बाजारों में तत्काल औचक निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने सभी खुदरा दुकानों में मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों, जमाखोरों और बिचौलियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी की है।

उन्होंने कहा कि आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण जरूरी है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। अब देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!