Jamshedpurकोल्हान

टनल हादसे में विजय हांसदा की मौत से पलासबनी में मातम, दुखनी सोरेन ने परिवार से मिलकर बंधाया ढांढस

डुमरिया: पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया प्रखंड से दुखद खबर सामने आई है। पलासबनी पंचायत के ग्राम पलासबनी, टोला नुदायडीह निवासी विजय हांसदा की उत्तराखंड के चमोली जिले के विष्णुगढ़ क्षेत्र स्थित पीपलकोटी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट में कार्य के दौरान टनल हादसे में मौत हो गई।

बताया गया कि 13 अगस्त 2026 को कार्य के दौरान हुए हादसे में विजय हांसदा की जान चली गई। घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार ने अपना एक सदस्य और सहारा खो दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पोटका विधानसभा क्षेत्र की समाजसेविका सह महिला नेत्री दुखनी सोरेन शोकाकुल परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।

दुखनी सोरेन ने कहा कि पीड़ित परिवार खुद को अकेला न समझे। संकट की इस घड़ी में वे परिवार के साथ मजबूती से खड़ी हैं। परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विजय हांसदा के निधन से परिवार पर आए इस दुख की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन कठिन समय में परिवार के साथ खड़ा रहना और उन्हें आवश्यक सहयोग दिलाने का प्रयास करना सभी की जिम्मेदारी है।

परिजनों से मुलाकात के दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। ग्रामीणों ने भी विजय हांसदा के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

दुःख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़ी दुखनी सोरेन ने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!