Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

भीमखंदा में दर्दनाक हादसा: बोंगबोंगा नदी में डूबने से 4 वर्षीय मासूम की मौत, परिवार में पसरा मातम

राजनगर:-* राजनगर प्रखंड के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल भीमखंदा स्थित बोंगबोंगा नदी में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 4 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गम्हरिया पंचायत के सोलगड़िया गांव से लगभग 8 से 10 महिलाएं और कुछ बच्चे भीमखंदा में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनके साथ आए तीन छोटे बच्चे खेलते-खेलते नदी घाट के समीप पहुंच गए। खेल के दौरान अचानक एक मासूम का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।

घटना को देख अन्य बच्चों ने तत्काल इसकी सूचना परिवार के सदस्यों को दी। सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को नदी से बाहर निकाला और उसकी जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया। इसके बाद उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजनगर ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्चे की जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।

बताया जा रहा है कि मृत बालक धनबाद जिले का निवासी था और गर्मी की छुट्टियों में अपनी मां के साथ मामा के घर सोलगड़िया आया हुआ था। किसी ने भी नहीं सोचा था कि खुशियों भरी छुट्टियां इस तरह मातम में बदल जाएंगी।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर जलाशयों और नदी घाटों के आसपास छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने धार्मिक स्थलों और नदी किनारों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!