कोल्हानचाईबासा

*प्रश्न मंच प्रतियोगिता में शामिल हुईं गीता कोड़ा, विद्यार्थियों को दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं* 

चाईबासा: विद्या विकास समिति, झारखंड की ओर से पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, जगन्नाथपुर में विभाग स्तरीय प्रश्न मंच प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद गीता कोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

गीता कोड़ा ने कहा कि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर आधुनिक शिक्षा के साथ बच्चों को भारतीय संस्कृति, संस्कार और देश की महान विभूतियों के जीवन से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञान सबसे शक्तिशाली हथियार है और शिक्षा राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। नई शिक्षा नीति, मातृभाषा में शिक्षा, कौशल विकास, डिजिटल शिक्षा, शोध और नए शिक्षण संस्थानों के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और तैयारी के विभिन्न मंच उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने का समान अवसर उपलब्ध कराना है।

गीता कोड़ा ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक चर्चा हो रही है। ऐसे समय में राजनीति से ऊपर उठकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के भविष्य को प्राथमिकता देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य आज के विद्यार्थियों पर निर्भर है। इसलिए बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ सही दिशा और मार्गदर्शन मिलना आवश्यक है।

उन्होंने प्रश्न मंच प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में ज्ञान बढ़ाने के साथ आत्मविश्वास और प्रतियोगी भावना भी विकसित होती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, विद्या विकास समिति के पदाधिकारी, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!