Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

आंधी-तूफान के बीच गिरी आकाशीय बिजली, 35 वर्षीय युवक की मौत, बेटी और पिता घायल

*राजनगर:-* शनिवार शाम राजनगर थाना क्षेत्र के गोंडामारा टोला, सांदिरडीह गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में 35 वर्षीय संजय देवगम की मौत हो गई, जबकि उनकी 9 वर्षीय बेटी मुस्कान देवगम और 60 वर्षीय पिता मिलु देवगम घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 4 बजे तेज बारिश के दौरान संजय देवगम, उनके पिता मिलु देवगम, बेटी मुस्कान देवगम समेत कुल सात लोग एक पुआल की झोपड़ी में बारिश से बचने के लिए बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली झोपड़ी के समीप आ गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली का सबसे अधिक असर संजय देवगम पर पड़ा, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं उनकी बेटी मुस्कान और पिता मिलु देवगम भी घायल हो गए। झोपड़ी में मौजूद अन्य चार लोग भी बिजली के प्रभाव से जमीन पर गिर पड़े, हालांकि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई।

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद संजय देवगम को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल मुस्कान देवगम और मिलु देवगम का इलाज अस्पताल में जारी है।

संजय देवगम की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग प्रशासन से की है।

आकाशीय बिजली की इस घटना ने एक बार फिर बारिश और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा खुले एवं असुरक्षित स्थानों से बचने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!