
चाईबासा।प्रकाश गुप्ता: पश्चिमी सिंहभूम जिले में जनगणना हस्तपुस्तिका-2027 के कार्य को त्रुटिरहित और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराने के उद्देश्य से सोमवार को सदर चाईबासा अनुमंडल सभागार में पांच दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। प्रशिक्षण में चार्ज पदाधिकारियों और क्षेत्रीय कर्मियों को जनगणना से जुड़े विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और जिला सांख्यिकी पदाधिकारी फ्रांसिस कुजूर की मौजूदगी में दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी और क्षेत्रीय कर्मी उपस्थित रहे।
उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि जनगणना से जुड़े आंकड़े भविष्य की सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को आंकड़ों को पूरी सटीकता के साथ निर्धारित समय सीमा में दर्ज करने का निर्देश दिया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक चलेगा। डिजिटल भारत पहल के तहत इस बार जनगणना हस्तपुस्तिका से संबंधित कार्य मोबाइल ऐप और विशेष वेब पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। आंकड़ों के संकलन के लिए संदर्भ तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है।
प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों का डेटाबेस अपडेट करने के लिए ग्राम निदेशिका और नगर निदेशिका तैयार करने की तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। ग्राम निदेशिका में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, संचार, बैंकिंग, डाक, बिजली, भूमि उपयोग और कृषि उत्पादों से जुड़े आंकड़े शामिल किए जाएंगे।
वहीं नगर निदेशिका में शहरी क्षेत्रों की भौगोलिक एवं जलवायु स्थिति, आधारभूत संरचना, शिक्षा, बैंकिंग, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी।
प्रशिक्षण के पहले दिन जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड रांची से आए राष्ट्रीय प्रशिक्षक डॉ. सत्येंद्र कुमार गुप्ता और सांख्यिकीय अन्वेषक आशीष कुमार ने मोबाइल ऐप के संचालन, डेटा एंट्री और तकनीकी समस्याओं के समाधान के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया।




