कोल्हान

*डालसा की पहल पर दिव्यांग बालिका को मिली व्हीलचेयर, अब स्कूल जाने में होगी आसानी*

चाईबासा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा की पहल पर एक दिव्यांग बालिका को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई है। इससे अब बालिका को विद्यालय आने-जाने में काफी सहूलियत होगी। डालसा सचिव रवि चौधरी ने जिला प्रशासन के सहयोग से बालिका को व्हीलचेयर प्रदान की।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी यह बालिका मानसिक एवं शारीरिक रूप से दिव्यांग है और प्राथमिक विद्यालय में नामांकित है। बालिका की मां का निधन हो चुका है, जबकि पिता ने दूसरी शादी करने के बाद उसकी देखभाल की जिम्मेदारी नहीं निभाई। ऐसे में बुजुर्ग दादा-दादी ही उसकी परवरिश कर रहे हैं।

कुछ दिन पहले इनर व्हील संस्था की अध्यक्ष ममता जिंदल के माध्यम से बालिका की परेशानी सामने आई थी। पता चला कि उसकी बुजुर्ग दादी उसे अपनी गोद में उठाकर करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर विद्यालय ले जाती थीं। दादी की इच्छा थी कि बालिका दूसरे बच्चों के साथ रहकर पढ़ाई कर सके और उसके सीखने-समझने की क्षमता में सुधार हो।

मामले की जानकारी मिलने पर डालसा सचिव रवि चौधरी ने इसे गंभीरता से लिया और जिला प्रशासन के सहयोग से बालिका के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था कराई। अब बालिका व्हीलचेयर के सहारे आसानी से विद्यालय आ-जा सकेगी।

इस मानवीय पहल में पीएलवी रेणु देवी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डालसा की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!