कोल्हान

*चाईबासा में स्कूटी चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दो युवक गिरफ्तार*

चाईबासा: चाईबासा के श्याम भंडार, टुंगरी के पास से स्कूटी चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश गोप उर्फ मोटू (20 वर्ष) और विवेक तियु (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की गई टीवीएस स्कूटी भी बरामद कर ली है।

शनिवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टूटी ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर मामले की जानकारी दी। इस दौरान सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी और मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार भी उपस्थित थे।

एसडीपीओ बहामन टूटी ने बताया कि एसपीजी मिशन कंपाउंड, चाईबासा निवासी विकास कुमार शर्मा (40 वर्ष), पिता स्वर्गीय किशन लाल शर्मा ने 30 अक्टूबर को सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 29 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे अपनी टीवीएस स्कूटी (नंबर JH06U-0799) श्याम भंडार, टुंगरी के पास खड़ी कर दोस्त से मिलने गए थे। कुछ देर बाद लौटने पर स्कूटी गायब मिली।

इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 92/26, दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर यश गोप उर्फ मोटू और विवेक तियु को 30 अक्टूबर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर चोरी की स्कूटी उड़िया स्कूल की झाड़ियों के पीछे से बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार यश गोप उर्फ मोटू पूर्व में भी वाहन चोरी सहित कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। वह एक दिसंबर 2025 को सैफरन होटल, चाईबासा के सामने एक ही रात में तीन वाहन चोरी करने के मामले में भी फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध मुफ्फसिल और सदर थाना में पहले से कई मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तार यश गोप उर्फ मोटू का स्थायी पता अंगरडीहा, थाना मंझारी है, जबकि वर्तमान पता खप्परसाई, थाना मुफ्फसिल है। वहीं विवेक तियु, पिता स्वर्गीय नरेश तियु, खप्परसाई का निवासी है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

*छापेमारी दल में ये थे शामिल*

छापेमारी दल में एसडीपीओ बहामन टूटी, सदर थाना प्रभारी चंद्रशेखर चौधरी, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार, सदर थाना के अनुसंधानकर्ता सहायक अवर निरीक्षक जितेंद्र करमाली तथा सदर और मुफ्फसिल थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

पुलिस के अनुसार, यश गोप उर्फ मोटू के विरुद्ध मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 127/22, दिनांक 21 अगस्त 2022, कांड संख्या 07/24, दिनांक 13 जनवरी 2024 तथा कांड संख्या 193/25 दर्ज हैं। इसके अलावा सदर थाना में कांड संख्या 97/23 और 102/25 भी दर्ज हैं। इन मामलों में चोरी सहित अन्य धाराएं शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!