कोल्हान

*सीआरपीएफ 174 बटालियन में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, जवानों और नागरिकों ने लगाई एकता की दौड़*

चाईबासा: देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय एकीकरण के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को सीआरपीएफ की 174 बटालियन चाईबासा में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन बटालियन के कमाण्डेन्ट मनोज डांग के निर्देशानुसार किया गया।

इस अवसर पर बटालियन परिसर में Run For Unity (एकता के लिए दौड़) का आयोजन किया गया। इसमें वाहिनी के अधिकारियों, जवानों और कार्मिकों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के माध्यम से लोगों को देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।

दौड़ के आयोजन के बाद उपस्थित सभी अधिकारियों और जवानों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली। सभी ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप कमाण्डेन्ट धर्मेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय एकता व्यक्तिगत हितों से सर्वोपरि है। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखना केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सहभागिता से ही राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत बनाया जा सकता है।

उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों और आदर्शों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस अवसर पर उप कमाण्डेन्ट धर्मेन्द्र नारायण सिंह, उप कमाण्डेन्ट शांति किस्कू, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजयलक्ष्मी चौहान सहित 174 बटालियन के अधीनस्थ अधिकारी और जवान उपस्थित थे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!