कोल्हान

*बुधराम लागुरी के साथ मारपीट का मामला गरमाया, पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा ने की कार्रवाई की मांग*

चाईबासा: झारखंड आंदोलनकारी सह झामुमो पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी के साथ तत्कालीन टोंटो थाना प्रभारी धनंजय सिंह द्वारा कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में नाराजगी बढ़ रही है। इसी मामले को लेकर पूर्व विधायक सह झारखंड आंदोलनकारी संयुक्त मोर्चा के संस्थापक मंगल सिंह बोबोंगा ने जगन्नाथपुर में डीएसपी रफाएल मुर्मू से मुलाकात कर अपनी नाराजगी जाहिर की और दोषी पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मंगल सिंह बोबोंगा ने कहा कि थाना प्रभारी को केवल पद से हटाना पर्याप्त नहीं है। धनंजय सिंह को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी पुलिस पदाधिकारी झारखंड आंदोलनकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार करने की हिम्मत न कर सके।

उन्होंने कहा कि बुधराम लागुरी के साथ कथित मारपीट केवल एक व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार का मामला नहीं है, बल्कि यह झारखंड राज्य के निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले सभी आंदोलनकारियों के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ा मामला है। आंदोलनकारियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

इस दौरान झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी, हाटगम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष जुंडिया सिंकु, जिला सोशल मीडिया प्रभारी मनोज लागुरी, झामुमो नेता मंजीत कोड़ा, नवाज हुसैन, झारखंड आंदोलनकारी अशोक पान और फिरोज अहमद सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!