कोल्हान

प्रखंड संसाधन केंद्र जमशेदपुर में धूमधाम से मनाई गई गांधी एवं शास्त्री जयंती

जमशेदपुर। प्रखंड संसाधन केंद्र, जमशेदपुर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत रसोईया एवं सह-सहायिकाओं, प्रखंड साधन सेवी तथा संकुल साधन सेवियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आयोजित हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों, सादगी, ईमानदारी, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्रसेवा के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के माध्यम से समाज को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। दोनों महापुरुषों के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायक हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल रसोईया एवं सह-सहायिकाओं को प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत स्कूली बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सजग रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में प्रखंड साधन सेवी, संकुल साधन सेवी, रसोईया एवं सह-सहायिकाओं सहित अन्य कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान गांधी जी के स्वच्छता, सेवा और आत्मनिर्भरता तथा शास्त्री जी के ईमानदारी, सादगी और राष्ट्रसेवा के विचारों को याद किया गया।

इस अवसर पर संजय कुमार, सुजय भट्टाचार्य, शंकर गोप, विजय कुमार, रेशमा सुरीन, राकेश कुमार, नीलम कुमारी, मिथिलेश कुमार सिंह, अनुपम कुमार सिंह, नरेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!