कोल्हान

सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर प्रशासन की सख्ती, 25 भारी वाहनों पर कार्रवाई, ₹1.70 लाख जुर्माना

सरायकेला-खरसावां। सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से सरायकेला-खरसावां जिले में परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस की ओर से संयुक्त विशेष अभियान चलाया गया। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी शांकचार्य सामड़, मोटरयान निरीक्षक तथा यातायात पुलिस निरीक्षक के संयुक्त नेतृत्व में सड़क किनारे अवैध रूप से पार्क किए गए भारी वाहनों की जांच की गई।

अभियान के दौरान यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले कुल 25 भारी वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। संबंधित वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹1.70 लाख का जुर्माना अधिरोपित किया गया।

अधिकारियों ने माइकिंग के माध्यम से वाहन चालकों को सड़क किनारे अथवा प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी। प्रशासन ने बताया कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ती है।

अभियान के दौरान विभिन्न कंपनियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के बाहर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को लेकर संबंधित कंपनी प्रबंधन को भी चेतावनी दी गई। प्रबंधन को प्रतिष्ठान परिसर के अंदर या निर्धारित पार्किंग स्थल की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा मुख्य सड़क पर वाहनों की अवैध पार्किंग रोकने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों के प्रबंधकों को भी सड़क के बाहर वाहनों की अनधिकृत पार्किंग नहीं होने देने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध पार्किंग और यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं संबंधित जिम्मेदार पक्षों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!