कोल्हान
झाबरी के पास पलटी शिवम बस, करीब दो दर्जन यात्री घायल

चांडिल। चौका थाना क्षेत्र के झाबरी गांव के समीप रांची-जमशेदपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोलकाता से रांची जा रही शिवम बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे बस में सवार करीब दो दर्जन महिला-पुरुष यात्री घायल हो गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। बताया जा रहा है कि हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलने पर चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।




